ट्रेन की चपेट में आने से विक्रेता की मौत
- गोरखपुर के पिपराईच क्षेत्र के थे निवासी
- तीन महीने पहले मुंबई से खलीलाबाद आकर शुरू किए थे काम
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। शहर के मुखलिसपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार को ट्रेन की चपेट में आने से मूंगफली विक्रेता की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोरखपुर जिले के पिपराईच थाना क्षेत्र के सिंधावल निवासी 30 वर्षीय जितेंद्र गुप्ता पुत्र महादेव गुप्ता खलीलाबाद शहर स्थित समय माता मंदिर के पास ठेले पर मूंगफली और चना बेचते थे। वह किसी काम से मुखलिसपुर रेलवे क्रॉसिंग की तरफ गए थे और उसी दौरान गुजरी ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सूचना पर पीड़ित परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। पीड़ित पत्नी अंजली गुप्ता का रो- रोकर बुरा हाल था। पत्नी ने बताया कि उसका मायके खलीलाबाद में ही है। उसके दो बच्चे अर्पिता और अदिती है। पति- पत्नी और बच्चे मुंबई रहते थे। अभी तीन महीने पहले ही उसका परिवार खलीलाबाद आया था। परिवार किराए के कमरे में रहता है। दिन में 11 बजे के करीब पति जल्द आने की बात कह कर कमरे से निकले थे। कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि पति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।