हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
धनघटा। महुली क्षेत्र के हरपुर-लुतुही गांव के पास बृहस्पतिवार की देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि बस्ती-महुली मार्ग पर स्थित हरपुर-लुतुही गांव के निकट बृहस्पतिवार की देर शाम पीछे से अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल को सीएचसी नाथनगर पहुंचाया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात में ही उपचार के दौरान घायल युवक की मौत हो गई। शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पहचान नहीं हो पाने की दशा में नियमानुसार 72 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।