बीएसए कार्यालय पर नियुक्ति की जांच करने पहुंची शासन की टीम
संतकबीरनगर। फैजान जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद में प्रबंधकीय कोटे से वर्ष 2001 में नियुक्त दो शिक्षकों मालती और नंदू की नियुक्ति की जांच के लिए बृहस्पतिवार को चार सदस्यीय टीम जिले में पहुंची। टीम ने करीब करीब ढाई घंटे तक जांच की और कुछ रिकार्ड लेकर वापस लौट गई। बताया जा रहा है कि जांच में दोनों शिक्षकों की नियुक्ति तिथि में अंतर मिले हैं। अब भर्ती प्रकिया की नए सिरे से टीम गठित कर जांच होगी।
हाईकोर्ट के आदेश पर बृहस्पतिवार को शासन की एक टीम जिले में प्रबंधकीय कोटे से शिक्षक भर्ती की जांच के लिए पहुंंची। टीम में विशेष सचिव बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा निदेशक, उप शिक्षा निदेशक, सहायक शिक्षा निदेशक शामिल थे। टीम ने पत्रावलियों की जांच की। टीम कुछ पत्रावलियां अपने साथ ले गई। मालूम है कि फैजान जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद में वर्ष 2001 में तैनात सहायक अध्यापक मालती और नंदू ने कोर्ट में वर्ष 2012 में अपील की कि है उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है। जिसके बाद कोर्ट में इसकी लंबी सुनवाई चली। मई 2023 में कोर्ट ने इस प्रकरण की जांच तत्कालीन बीएसए को सौंपी। बीएसए ने प्रकरण की रिपोर्ट कोर्ट को भेजी लेकिन वह स्पष्ट नहीं थी। कोर्ट ने पूछा कि दोनों नियुक्ति एक ही विज्ञप्ति पर हुई तो अलग-अलग तिथियां कैसे दिख रही है। इसके लिए कोर्ट ने शासन से टीम गठित कर दोनों नियुक्तियों की जांच का निर्देश दिया।
शासन के निर्देश पर टीम में विशेष सचिव बेसिक शिक्षा अवधेश कुमार तिवारी, माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह, उप निदेशक प्राइमरी संजय उपाध्याय, सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक बस्ती मंडल संजय कुमार शुक्ल बृहस्पतिवार को जांच के लिए पहुंचे। इससे पूर्व तत्कालीन बीएसए अतुल कुमार तिवारी और वर्तमान बीएसए अमित सिंह टीम के साथ बंद कमरे में दोनों शिक्षकों और विद्यालय के प्रबंधक से नियुक्ति के संबंध में जानकारी ली। टीम ने करीब ढाई घंटे तक प्रकरण की जांच की। इसके बाद कुछ कागजात लेकर लौट गई।