संतकबीरनगर। जन साहित्यिक मंच के तत्वावधान में रविवार को खलीलाबाद पब्लिक स्कूल के सभाकक्ष में मासिक कवि गोष्ठी का आयोजन मुख्य अतिथि राजेश मृदुल की मौजूदगी में आयोजित की गई। इसमें ओेम प्रकाश गौतम ने अपनी रचना जिस जमीं पे धर्म के परचम को फहराया गया, सैकड़ों दीपक जलाकर जश्न मनवाया गया। सुनाकर लोगों की वाहवाही लूटी।
वरिष्ठ रचनाकार सूरज कुंवर सरस ने जो बहारों की गली सूरतनुमाया कीजिए, लाजिमी है फिक्र वो फन मुस्कुराया कीजिए। सुनाया जिसे पसंद किया गया। राधेश्याम मिश्र श्याम ने कहीं एकता नजर न आए लोगों में हैं फूट, विद्धानों को खबर नहीं, कब तक फूटेंगे लोग, सुनाकर जनता में बढ़ रही कुमति की ओर इशारा किया। गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे नरसिंह नारायण कमल ने तुम गरीबी को मिटाना चाहते हो या गरीबों को मिटाना चाहते हो, सुनाकर देश में गरीबों पर हो रहे अन्याय की ओर ध्यान आकृष्ट किया।
गोष्ठी का संचालन करते हुए शिवा पांडेय ने गर मुझको साहस का सहारा नहीं होता, तो मेरी कश्ती का किनारा नहीं होता, सुनाकर लोगों को मनोबल बढ़ाया। रहबर मेंहदावली ने झुर्रियां चेहरे पे और हाथ में छाले दिए हैं, तब गरीबी ने कहीं जा के निवाले दिए हैं, सुनाकर श्रम के महत्व को बताया। सरदार हरिभजन सिंह भजन ने दुश्मनी इस कदर न किया कीजिए, प्यार से देखिए मुस्करा दीजीए, सुनाकर प्यार से रहने की सलाह दी।
अजीत यादव ने सियासी जहर पाला जा रहा है, नया सिक्का उछाला जा रहा है, सुनाकर समाज में फैल रहे सियासी जहर की ओर इशारा किया। बाल कवि आराध्या ने किताब शीर्षक की कविता सुनाकर किताब के महत्व को बताया। युवा कवि देवानंद बच्चन देव ने खबर चली की वही नेक वहीं अपना है, पता चला की यही जिंदगी ही सपना है, सुनाया, जिसे सराहा गया। कवि गोष्ठी में बीसी जोशी, मुकेश, आलोक आदि ने भी अपनी रचना प्रस्तुत की।