खलीलाबाद में तहसील दिवस के अवसर पर मंगलवार को लोगों की समस्या सुनते डीएम और अन्य अफसर।
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव संपन्न के बाद मंगलवार को जिले के तीनों तहसीलों में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। खलीलाबाद में डीएम रमाकांत पांडेय और एसपी हीरालाल ने फरियाद सुनी। इस दौरान डीएम ने साफ कहा कि यदि अवैध खनन हुआ तो एसओ सस्पेंड होंगे। जबकि धनघटा तहसील दिवस में कमिश्नर ने पहुंच कर लोगों की फरियाद सुनी और शिकायतों के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया। जिले में कुल 62 मामले आए और सिर्फ पांच मामले की मौके पर निस्तारित हो पाए।
खलीलाबाद तहसील दिवस में सिसवा दाखिली गांव के एक पोखरे में अवैध कब्जे की शिकायत पहुंची तो डीएम ने लेखपाल को तलब कर लिया। डीएम ने साफ कहा कि यदि पोखरे पर अवैध कब्जा हुुुआ तो लेखपाल निलंबित होगा। इसके साथ ही महुली के एसआई को बुलाया और साफ कहा कि क्षेत्र में यदि अवैध खनन नहीं होना चाहिए। जिस क्षेत्र में अवैध खनन होगा,वहां के एसओ निलंबित होंगे। महुली क्षेत्र में पिडिया में अवैध खनन की शिकायत पर कहा कि वह कभी भी रात में छापेमारी कर सकते है। डीएम ने कहा कि सत्ता बदल गई और शासन की मंशा के अनुरुप अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। एसपी हीरालाल ने कहा कि अपराध रोकने और अपराधियों पर नकेल कसने की दिशा में सतर्क रहने की जरूरत है। खलीलाबाद में कुल 16 मामले आए और सिर्फ एक मामले का निस्तारण हुआ।
इसी क्रम में धनघटा तहसील दिवस उपजिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। तहसील दिवस के दौरान ही मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह अचानक पहुंच गए और निरीक्षण किया। तहसील दिवस में कुल 38 मामले आए है। इसमें से किसी भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। जबकि मेंहदावल तहसील दिवस उपजिलाधिकारी राहुल पांडेय की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें कुल 18 मामले आए, जिसमें चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।