वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन ट्रेजरी, रजिस्ट्री सहित कई कार्यालयों में काम करते नजर आए अधिकारी-कर्मचारी
संतकबीरनगर। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन मंगलवार को छुट्टी होने के बाद भी सरकारी कार्यालय खुले रहे। ट्रेजरी व रजिस्ट्री सहित कई कार्यालयों में कर्मी काम करते नजर आए। शासन से मिले बजट के उपयोग संबंधी फाइलों को दुरुस्त करते रहे।
अधिकारियों व कर्मचारियों को बजट लैप्स होने की भी चिंता सताती रही। इस बीच कई विभागों के कर्मी अंतिम दिन बजट की आस में कार्यालय में जमे रहे, ताकि बजट मिलते ही बिल ट्रेजरी को भेजा जा सके।
वित्तीय वर्ष के अंतिम दिन महावीर जयंती के उपलक्ष्य में अवकाश घोषित किया गया था, लेकिन बैंक, ट्रेजरी, रजिस्ट्री ऑफिस सहित अन्य विभागों के कार्यालय पूरे दिन खुले रहे। स्थिति यह रही कि सुबह से ही कर्मचारी बिल बनाते रहे और अधिकारी पास कर कोषागार में भेजते रहे, क्योंकि उन्हें बजट लैप्स होने की चिंता थी।
विकास भवन, कलक्ट्रेट, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग के कार्यालयों में अधिकारी व कर्मचारी काम निपटाते दिखे। छुट्टी के दिन भी रजिस्ट्री ऑफिस में भीड़ देखने को मिली। यहां लोग जमीन की रजिस्ट्री कराते दिखे, जिससे पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग में भी दिनभर कामकाज होता रहा।
इसके साथ ही कई विभागों में बजट न मिलने से भुगतान को लेकर चिंता बनी रही, ऐसे में विभागीय अधिकारी व कर्मचारी बजट की उम्मीद में शाम तक कार्यालय में जमे रहे।