कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के भैंसा गांव की घटना, दो पर प्राथमिकी
चकमार्ग विवाद की संपूर्ण समाधान दिवस में की गई थी शिकायत
शिकायतकर्ता ने ही काम का किया विरोध
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान लेखपाल से हाथापाई व अभिलेख फाड़ने का मामला सामने आया है। गांव में चकमार्ग को लेकर विवाद था। लेखपाल पैमाइश करने के लिए गांव में सोमवार की शाम गए थे।
कोतवाली पुलिस ने इस मामले में लेखपाल की तहरीर पर दो आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी समेत अन्य धारा में प्राथमिकी दर्ज की है।
खलीलाबाद तहसील में राजस्व निरीक्षक क्षेत्र पैली खास (51,71 पर कार्यरत) लेखपाल जितेंद्र कुमार ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस (23 मार्च) में आवेदक हरिशंकर ने चकमार्ग खाली करने के संबंध में आवेदन दिया था। प्रकरण के निस्तारण के लिए वह 30 मार्च को शाम लगभग 4:30 बजे भैंसा तहसील खलीलाबाद गए थे। मौके पर आवेदक हरिशंकर व बबलू उर्फ शिव शंकर एवं अन्य ग्रामवासी लालसा प्रसाद, दीपक, साहब राम, राम गोपाल, पिंटू आदि की उपस्थिति थी।
मामले के निस्तारण का प्रयास किया जा रहा था। आवेदक नियम विरुद्ध तरीके से अपने पक्ष में कार्य करवाना चाह रहा था। जब उनके द्वारा नियम विरुद्ध कार्य करने से मना किया गया तो हरिशंकर व बबलू उर्फ शिव शंकर उग्र हो गए तथा उनको जाति सूचक शब्द का प्रयोग करते हुए गालियां दीं, फिर जानमाल की धमकी देने लगे।
संपूर्ण समाधान दिवस का प्रार्थना पत्र फाड़कर फेंक दिया। अन्य सरकारी अभिलेख व फीता छीनकर फेंक दिया। हरिशंकर व बबलू उर्फ शिव शंकर के उग्र व्यवहार से वह अत्यधिक डर गए और वहां से ग्रामीणों की मदद से जान बजाकर भागे। आरोप है कि हरिशंकर व बबलू उर्फ शिव शंकर ने अपनी बाइक से उनका पीछा जान से मारने की नीयत से कांटे चौराहा तक किया। उन्होंने किसी तरह जान बचाकर कोतवाली आकर उच्च अधिकारियों को मामले की सूचना दी।
उक्त दोनों लोगों द्वारा दुर्व्यवहार व सरकारी कार्य में व्यवधान डाला गया। घटना के बाद से वह काफी डरे वह सहमे हुए हैं। कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि राजस्व निरीक्षक जितेंद्र कुमार की तहरीर पर मामले में हरिशंकर एवं बबलू उर्फ शिव शंकर निवासी भैंसा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।