नवोदय विद्यालय के 44 बच्चाें के घरवालों को मिला लाभ।
- फोटो : अमर उजाला
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय जगदीशपुर गौरा के 44 छात्र-छात्राओं के घर शौचालय निर्माण के लिए कुल 5.28 लाख रुपये उनके अभिभावकों के खाते में भेजा गया। डीएम की तरफ से अभिभावकों को निर्देशित किया गया है कि आवंटित धनराशि का उपयोग करते हुए शीघ्र शौचालय निर्माण कराकर फोटोग्राफ के साथ इस आशय की जानकारी सहित कि शौचालय का उपयोग शुरू हो गया है, जिला प्रशासन को सूचित करें। घर पर शौचालय बनाए जाने के लिए रकम मिलने की खबर से विद्यार्थी खुशी से झूम उठे और बोले डीएम अंकल थैंक्स।
नवोदय विद्यालय के स्थापना दिवस के अवसर पर डीएम डॉ. सरोज कुमार गए थे। जहां स्वच्छ भारत मिशन की चर्चा की थी। इसके अलावा विद्यालय के प्राचार्य को ऐसे छात्र-छात्राओं की सूची मुहैया कराने की बात कही थी, जिनके घर पर शौचालय नहीं है। इसी क्रम में प्रधानाचार्य डॉ. एसपी दूबे ने डीएम को 44 ऐसे छात्र- छात्राओं की सूची उपलब्ध कराई, जिनके घर शौचालय नहीं था। मामले को संज्ञान में लेते हुए डीएम की पहल पर डीपीआरओ कार्यालय से छात्रों के अभिभावकों के खाते में शौचालय की धनराशि भेजी गई है।
प्रत्येक अभिभावक के खाते में बारह हजार रुपये शौचालय निर्माण के लिए जून में ही भेज ट्रांसफर किए जाने की जानकारी मिली है। उन्हें निर्देशित किया गया कि शौचालय निर्माण कराकर जिला प्रशासन को फोटोग्राफ सहित अवगत कराएं। शौचालय निर्माण न कराने की दशा में अभिभावकों के विरुद्ध जिला प्रशासन कार्रवाई को बाध्य होगा। प्रधानाचार्य डॉक्टर एसपी दूबे ने बताया कि छात्रों के अभिभावकों से शौचालय निर्माण के संबंध में फोटोग्राफ व आवेदन मांगे गए हैं।
शीघ्र ही जिला प्रशासन को इसकी प्रमाणिक सूचना उपलब्ध करा दी जाएगी। विद्यार्थी अमिनेष, सूरज कुमार,राहुल कुमार, स्वेता यादव, पवन, अशफाक, धर्मेंद्र कुमार, साहिल खान, नियाज अहमद, सुजीत कुमार , नीरज, सौरभ आदि ने कहा कि डीएम अंकल ने घर में शौचालय निर्माण का सपना साकार किया। अब घर के लोगों को शौच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।