जिला क्षय रोग कार्यालय पर वितरित की गयी क्षय रोगियों को पोषण पोटली । स्रोत - क्षय रोग कार्यालय
संतकबीरनगर। जिला क्षय रोग कार्यालय पर मंगलवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत क्षय रोग से पीड़ित चयनित मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। यह वितरण शासन के निर्देशों के अनुसार किया गया। जिले के आर्थ्रो सर्जन डॉ विजय गुप्ता ने इस दौरान 20 क्षय रोगियों को गोद लिया तथा उनको पोषण पोटली का वितरण किया।
इस दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ अमित सिंह ने बताया कि टीबी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक माह मरीजों को यह पोषण पोटली प्रदान की जाती है। इस पोटली में चना, सोयाबीन, दाल, मूंगफली, गुड़ और बादाम सहित कई पौष्टिक सामग्री शामिल है, जिससे मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ सके। अभियान में सभी लोगों को बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की आवश्यकता है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाना है। इस अवसर पर क्षय रोग के जिला कार्यक्रम समन्वयक अमित आनन्द, रामबास विश्वकर्मा, ईश्वरचंद चौधरी, सर्वेश चतुर्वेदी समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी भी मौजूद रहे।