संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में परियोजना निदेशक संजय कुमार नायक व डीसी मनरेगा प्रभात द्विवेदी की में पोषण पखवारा मनाए जाने से संबंधित तैयारी बैठक हुई।
इसमें आठ अप्रैल से 22 अप्रैल तक सभी आगंनबाड़ी केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए को लेकर रणनीति तय की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आठ अप्रैल से 22 अप्रैल तक पोषण पखवारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर मनाया जाएगा।
इस दौरान विभिन्न विभागों के सहयोग से जन समुदाय को स्वास्थ्य, पोषण और स्वस्थ जीवन शैली के संबंध में विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों के माध्यम से जन समुदाय को जागरूक किया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्राम विकास, पंचायती राज, समाज कल्याण, युवा और खेल, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग व आयुष विभाग द्वारा उनके विभाग से संबंधित स्वास्थ्य एवं पोषण से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
परियोजना निदेशक संजय कुमार नायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी संबंधित विभाग पोषण पखवारा में अपने विभागीय कार्यों की कार्य योजना बनाकर पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने में आईसीडीएस विभाग का सहयोग करें। बैठक के दौरान पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित शपथ भी दिलाई गई।