नसि ंग होम सील करते अिधधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
हैंसर में पौली क्षेत्र के शिवापार में संचालित एक नर्सिंग होम पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। अस्पताल के संचालक व डॉक्टर ने मांगे जाने पर टीम के समक्ष कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए।
टीम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को सीएचसी मलौली भेजवा दिया और अस्पताल को सील कर दिया। अस्पताल के डॉक्टर को पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शनिचरा बाजार के अधीक्षक डॉ. विमल द्विवेदी ने नर्सिंग होम संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ जालसाजी और मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत केस दर्ज कराया।
धनघटा क्षेत्र के शिवापार स्थित विजय लक्ष्मी नर्सिग होम में मरीजों की भीड़ हमेशा लगी रहती है। शुक्रवार की रात क्षेत्र के नकहा गांव की गर्भवती का यहां आपरेशन के दौरान मौत हो गई। महिला के परिजन इस पर अस्पताल में हंगामा करने लगे।
इसकी शिकायत कुछ लोगों ने शनिवार को सीएमओ से की। सीएमओ डॉ. आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने अपर सीएमओ डॉ. अकरम के नेतृत्व में टीम गठित करते हुए छापेमारी का निर्देश दिया। टीम ने पुलिस बल को साथ लेकर नर्सिंग होम पर छापेमारी किया। छापेमारी के दौरान अस्पताल में छह मरीज भर्ती मिले, जिनका इलाज चल रहा था।
डॉ. विमल द्विवेदी ने बताया कि नर्सिंग होम में कार्यरत डॉक्टर, फार्मासिस्ट व नर्स के पास कोई डिग्री नहीं मिली और न अस्पताल के रजिस्ट्रेशन के कागजात पाए गए। उन्होंने बताया कि अस्पताल को सील कर दिया गया और डॉ. नरेंद्र कुमार मिश्र को पुलिस हिरासत में दे दिया गया है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर के विरुद्ध केस दर्ज करने के लिए तहरीर भी दी है। अस्पताल पूर्ण रुप से अवैध तरीके से संचालित किया जा रहा था।
अस्पताल पर जिन डॉक्टरों का नाम और पता लिखा गया है वह भी फर्जी मिला। अस्पताल पर छापेमारी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर आरडी मौर्य ने बताया कि डॉक्टर नरेंद्र कुमार मिश्र और राजकुमार के खिलाफ बिना डिग्री और प्रमाण पत्र के नर्सिंग होम चलाने व मेडिकल काउंसिल एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।