अब कोटेदारों को 35 फीसदी कम मिलेगा मिट्टी का तेल
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। सरकार ने उचित दर विक्रेता की दुकानों पर कार्डधारकों को मिलने वाले केरोसीन (मिट्टी के तेल) के अनुपात को कम कर दिया है। इसके चलते जिले को मिलने वाले केरोसिन के तेल अब 35 प्रतिशत कम करके मिलेंगे। इसके बाद जिले से कोटेदारों को भी उसी अनुपात में तेल दिया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। अगले महीने से यह आदेश प्रभावी हो जाएगा।
जिला आपूर्ति अधिकारी शशिकांत ने बताया कि सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में मिलने वाले केरोसीन के तेल में 35 फीसदी की कमी कर दी गई है। अगले माह से मिलने वाले मिट्टी के तेल उसी अनुपात में मिलेंगे। उन्होंने बताया कि जिले में 650 लीटर मिट्टी का तेल मिलता था। जो कोटेदारों में वितरित होता था। लेकिन, अब तेल घटकर ही जिले को मिलेगा। जिसकी वजह से कोटेदारों को मिलने वाले तेल में भी कटौती होगी। जिससे कुछ समस्या आएगी, लेकिन बाद में वह दूर कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इससे संबधित शासनादेश भी मिल चुका है। यह निर्देश पूरे प्रदेश के लिए प्रभावी है।