संतकबीरनगर/मेंहदावल। बेसिक शिक्षा विभाग के प्रेरणा पोर्टल पर 411 परिषदीय स्कूलोंं के प्रधानाध्यापकों ने सत्र 2025-26 के सापेक्ष वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कम संख्या में छात्रों का पंजीकरण दर्ज किया है। इस पर बीएसए ने नाराजगी जताते हुए संबंधित विद्यालयों के शैक्षणिक कर्मियों का वेतन बाधित करने की चेतावनी देते हुए दो दिन के भीतर शत प्रतिशत नामांकन कराने और ऑफलाइन नामांकन प्रक्रिया को प्रेरणा पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश दिया है।
परिषदीय विद्यालयों में ज्यादा से ज्यादा नामांकन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़कर उन्हें शिक्षा दी जा सके। कोई भी बच्चा नामांकन से वंचित न रहे। विभाग ने ब्लाॅक स्तर पर कम नामांकन वाले विद्यालयों को चिह्नित करते हुए ऐसे विद्यालयों के जिम्मेदारों को नोटिस जारी किया है। लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई भी होगी। उन्होंने बताया कि विभागीय स्तर पर इसको लेकर पहल भी शुरू हुई है।
बीएसए ने कम नामांकन वाले विद्यालयों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 1146 परिषदीय विद्यालय हैं। इन विद्यालयों में 411 ऐसे विद्यालय हैं, जिन्होंने नवीन सत्र के चार महीने बीतने के बाद भी प्रेरणा पोर्टल पर विगत सत्र की अपेक्षा छात्रों का पंजीकरण काफी कम किया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 411 प्रधानाध्यापकों को नामांकन दो दिन में अपडेट करने का नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दिया कि सही जवाब न मिलने पर सभी संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।