- सीएमओ ने दिया तीन दिन का समय, देना होगा स्पष्टीकरण
संतकबीरनगर। सरकारी चिकित्सक के निजी प्रैक्टिस को संज्ञान में लेकर सीएमओ ने विवेकानंद हाॅस्पिटल को नोटिस जारी किया है। साथ ही तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि शासन का निर्देश है कि निजी चिकित्सालय, नर्सिंग होम, क्लीनिक, पैथोलॉजी, डायग्नोस्टिक सेंटर किसी भी सरकारी डॉक्टर से चिकित्सीय कार्य न लें। इसके लिए डीएम की अध्यक्षता में गठित जनपद स्तरीय सतर्कता समिति के संज्ञान में आया है कि विवेकानंद हाॅस्पिटल में सरकारी चिकित्सकों से सेवाए ली जा रही हैं। यह उच्चाधिकारियों एवं उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना है।
इसके क्रम में हॉस्पिटल के प्रबंधक को नोटिस जारी किया गया है कि तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण जनपद स्तरीय सतर्कता समिति के समक्ष उपस्थित होकर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। अस्पताल के प्रबंधक एवं चिकित्सालय के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए शासन को अवगत करा दिया जाएगा। सभी जिम्मेदारी अस्पताल के प्रबंधक की होगी।