जांच करने पहुंची खाद्य विभाग की टीम।
संतकबीरनगर। होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की ब्रिकी रोकने को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। बृहस्पतिवार को डीएम आलोक कुमार के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड 2 सतीश कुमार के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के सेमरियावां में छापा मारा। इस दौरान किराना की दुकान से नमकीन का नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही साफ-सफाई नहीं होने पर नोटिस दी गई। साथ ही एक अन्य प्रतिष्ठान का गोदाम मानक के अनुरूप न होने पर नोटिस दी गई।
सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार ने बताया कि खलीलाबाद तहसील के सेमरियावां बाजार स्थित इशहाक किराना से एक नमूना नमकीन का संग्रहित किया गया। खाद्य प्रतिष्ठान में साफ-सफाई नहीं मिली। इसमें सुधार करने की नोटिस दी गई। इसके साथ ही फेमस इंटरप्राइजेज के प्रतिष्ठान की जांच की गई, जिसमें गोदाम मानक के अनुरूप न पाए जाने पर नोटिस दी गई। उन्होंने बताया कि संग्रहित नमूने को खाद्य प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्यवाही के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिश्री लाल आदि मौजूद रहे।