मेंहदावल। एमडीएम के दैनिक अनुश्रवण प्रणाली में ब्लॉक के 77 परिषदीय और एडेड विद्यालयों में नामांकन के सापेक्ष छात्रों की कम औसत उपस्थिति पर बीईओ ज्ञानचंद्र मिश्र ने प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया। उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर प्रधानाध्यापक नामांकन के सापेक्ष उपस्थिति में वृद्धि और ठहराव में सुधार करना सुनिश्चित करते हुए स्पष्टीकरण दें।
उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय सांड़ें खुर्द में 96 बच्चों के नामांकन के सापेक्ष 25 और सांड़ें कला में 56 के सापेक्ष 24 की बहुत कम संख्या में उपस्थिति देखकर भौंचक रह गए। ऐसी स्थिति काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने उक्त दोनों विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम से कम 70 प्रतिशत तक सुनिश्चित किए जाने और पठन-पाठन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परिषदीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों में छात्र नामांकन के सापेक्ष छात्रों की औसत उपस्थिति संतोषजनक नहीं हो रही है। उक्त के संबंध में विगत दिनों भी कम उपस्थिति को सुधारने का निर्देश जारी किया गया था। पर 77 विद्यालयों में औसत उपस्थिति एमडीएम के दैनिक अनुश्रवण प्रणाली में भी कम मिली है, जो कि लापरवाही है।