- पहले की दोस्ती फिर किया गलत इस्तेमाल और ब्लैकमेलिंग
- शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सअप का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इन प्लेटफॉर्म पर गैरों को छोड़िए अपने भी फेक आईडी बनाकर दुरुपयोग कर रहे हैं। किशोरी और युवतियां उनके झांसे में आकर अपनी फोटो दे देती हैं, जिसका गलत इस्तेमाल करते हुए ब्लैकमेलिंग का काम शुरू हो जाता है। लोग जब तक जागरूक होते हैं तब तक उनका शोषण हो चुका होता है। इसके बाद पुलिस के पास मामला आता है।
वर्तमान परिवेश में सोशल मीडिया पर लोगों की सक्रियता काफी ज्यादा हो गई है। कुछ मामलों में सोशल मीडिया काफी कारगर साबित हो रहा है, वहीं कुछ मामलों में लोग इसका दुरुपयोग भी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। गैर तो छोड़िए कई मामले में पीड़ितों के नजदीकी भी उनका शोषण शुरू कर देते हैं, जब तक पीड़ितों को सामाजिक क्षति होना महसूस होता है तब तक काफी देर हो चुका होता है।
कई मामलों में अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करके शोषण के मामले सामने आते हैं। पीड़ित पक्ष आरोपी की जब तक सुनता है तब तक मामला शांत रहता है। जैसे ही विरोध शुरू करता है तो फेक आईडी बनाकर पीड़ितों का सामाजिक नुकसान करने का काम होता है। इसके बाद मामला पुलिस के सामने आता है तो जांच के बाद आईडी फेक पाई जाती है। ऐसे कई मामले साइबर थाना पुलिस के सामने आ रहे हैं। जिनमें तहरीर के हिसाब से पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई करने में जुटी है।
केस एक
निजी फोटो परिचितों को भेजकर किया ब्लैकमेल
इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर निजी फोटो परिचितों को भेजकर ब्लैकमेल का मामला अप्रैल माह में महुली क्षेत्र में सामने आया। एक पीड़िता की फर्जी आईडी इंस्टाग्राम पर बनाकर उसके परिचितों को भेजकर ब्लैकमेल करने का मामला साइबर थाना पर आया। ऐसा करके पीड़िता का मानसिक उत्पीड़न किया गया। स्थिति ये हो गई कि उसका इलाज शुरू हो गया। बाद में पीड़ित परिवार पुलिस के पास पहुंचा और पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
केस दो
रिश्तेदार ने ही फर्जी आईडी बनाकर अश्लील फोटो किया वायरल
जून माह में खलीलाबाद क्षेत्र निवासी एक पीड़िता का अश्लील फोटो फर्जी आईडी बनाकर वायरल करने का मामला पुलिस के सामने आया। पीड़िता के अनुसार महुली क्षेत्र निवासी आरोपी उसके छोटी बहन के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर बहन की अश्लील फोटो, अश्लील मैसेज और भद्दे कमेंट लिखकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
केस तीन
फर्जी आईडी बनाकर फोटो किया वायरल
जून माह में ही शहर के एक मोहल्ला निवासी छात्रा का इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर फोटो वायरल करने के मामला पुलिस के सामने आया। इससे परिवार गहरे सदमे में चला गया। बाद में शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी।
केस चार
फेसबुक व व्हाट्सएप पर फोटो वायरल, टूट गई शादी
जुलाई माह में फेसबुक और व्हाट्सएप पर फोटो वायरल करने का मामला पुलिस के समक्ष आया। इस घटना से युवती की शादी टूट गई। मामला महुली क्षेत्र का है। पूर्व के मुकदमे में उसने सुलह-समझौता कर लिया। इसके बाद विपक्षी उसकी फोटो लगाकर फेसबुक और व्हाट्सएप पर वायरल कर दिए। इससे बेइज्जती हुई और युवती की शादी टूट गई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
आज के डिजिटल समय में सभी को सर्तकता बरतने की जरूरत है। वर्तमान परिवेश में कोई कितना भी घनिष्ट हो, उसे अपने सोशल अकाउंट का पासवर्ड शेयर नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से उसके दुरुपयोग की संभावना प्रबल रहती है। इससे आर्थिक, सामाजिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ता है।
- आलोक सोनी,
प्रभारी साइबर थाना