मेंहदावल तहसील पर संपूर्ण समाधान दिवस पर समस्या सुनते डीएम-स्रोत सूचना
संतकबीरनगर। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कुल 133 मामले आए, जिसमें 22 का मौके पर निस्तारण किया। साथ ही 14 मामलों में टीम को मौके पर भेजा गया। अन्य मामलों में संबंधित विभागों को भेजकर उसकी रिपोर्ट मांगी गई। डीएम ने शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर जोर दिया। मेंहदावल तहसील पर डीएम आलोक कुमार और एसपी संदीप कुमार मीना ने फरियाद सुनी। डीएम ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
यहां पर कुल 56 मामले आए। जिसमे से 12 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण कराया गया। सात प्रकरण में टीम भेजकर स्थलीय जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेजकर उसकी रिपोर्ट मांगी गई। इस दौरान सीएमओ डॉ रामानुज कनौजिया, डीसी मनरेगा प्रभात द्विवेदी, उप जिलाधिकारी मेंहदावल संजीव राय, तहसीलदार मेंहदावल अल्पिका वर्मा आदि मौजूद रहे। धनघटा तहसील विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान और सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने समस्याओं को सुना। विधायक ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के प्रति शासन बेहद संवेदनशील हैं, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए। इस दौरान कुल 32 मामले आए। उसमें चार का मौके पर निस्तारण हुआ। इसी तरह से खलीलाबाद तहसील पर एडीएम जय प्रकाश ने समस्याओं को सुना। यहां 45 मामले आए, जिसमें छह का मौके पर निस्तारण हुआ। चार प्रकरण में टीम भेजी गई। एसडीएम अरुण कुमार, तहसीलदार आनंद कुमार ओझा आदि मौजूद रहे।