मगहर। नगर पंचायत मगहर के मनोनीत सभासद गौरव कुमार निषाद ने डीएम को पत्र लिखकर नगर पंचायत कार्यालय में कथित बाहरी हस्तक्षेप का मुद्दा उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनाधिकृत व्यक्तियों की कार्यालय में नियमित मौजूदगी से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने इस पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डीएम को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि नगर पंचायत कार्यालय में अनाधिकृत व्यक्तियों की दखलंदाजी से कार्यालय में अनुशासन, पारदर्शिता और निष्पक्षता प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर आम नागरिकों के कार्यों पर पड़ रहा है, जिससे लोगों को अनावश्यक विलंब और परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916 तथा संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का हवाला देते हुए कहा कि कार्यालय के कार्यों में केवल अधिकृत अधिकारी, कर्मचारी और वैधानिक अधिकार प्राप्त जनप्रतिनिधियों की ही भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।