योगी सरकार के चार साल पूरा होने पर होंगे कार्यक्रम
- 19 मार्च से 24 मार्च तक होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। अपर मुख्य सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी अनिल कुमार ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर प्रस्तावित कार्यक्रमों, विकास कार्यों, कोविड-19, संचारी रोग नियंत्रण आदि की समीक्षा किया। उन्होंने निर्देेश दिया कि लाभार्थीपरक योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों की सक्सेस स्टोरी बनाकर जनसामान्य से साझा किया जाए ताकि लोगों को प्रेरणा मिल सके।
नोडल अधिकारी ने प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा हुए कहा कि इसका उद्देश्य प्रदेश सरकार की विगत वर्षों की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के साथ विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में आमजन को जागरूक करना तथा योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को आच्छादित करना है।
बैठक में डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि 19 मार्च को प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर सहित सभी विकास खंड मुख्यालयों पर किया जाएगा। 20 मार्च को जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं के आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री पर्यटन संबंर्द्धन योजना के कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण तथा विधानसभा क्षेत्रों में कराए गए व प्रस्तावित कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र स्तरीय ‘विकास पुस्तिका’ का विमोचन होगा। 21 मार्च को ग्रामीण क्षेत्रों में मिशन किसान कल्याण के रूप में जनपद के सभी विकास खंडों में किसान हित एवं उनकी आय में वृद्धि के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं सहित किसान कल्याण मेले का आयोजन किया जाएगा।
नगरीय क्षेत्रों में मिशन व्यापारी कल्याण के रूप में नगर पालिका एवं नगर पंचायत में व्यापारियों व लघु उद्यमियों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। 22 मार्च को मिशन शक्ति के अंतर्गत विधान सभा स्तर पर महिला सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण, सेल्फ डिफेंस व एंटी रोमियो स्कवायड आदि से संबंधित सम्मेलन का आयोजन होगा। 23 मार्च को मिशन रोजगार तथा 24 मार्च को मिशन श्रमिक कल्याण के अंतर्गत श्रमिकों को कल्याणार्थ व उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जाने के लिए चलाई जा रही योजनाओं के संबंध में सभी विकास खंडों में रोजगार मेले का आयोजन कराया जाएगा। बैठक में एसपी डॉ. कौस्तुभ, एडीएम मनोज कुमार सिंह, सीडीओ अतुल मिश्र, सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह, एसडीएम सदर राजनारायण त्रिपाठी, पीडी प्रमोद कुमार यादव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नागेंद्र सिंह सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।