थम नहीं रहा आक्रोश, चौथे दिन भी प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के विरोध में लगातार चौथे दिन लोग सड़कों पर लोग उतरे। जगह-जगह विरोध प्रदर्शन के साथ पाकिस्तान का पुतला जलाया गया है। लोगों ने आतंकवाद के समूल नाश के लिए सरकार से कठोर कदम उठाने की मांग की। वीर जवानों की आत्मा की शांति के लिए कई जगह हवन भी किए गए। यूथ कांग्रेस की तरफ से सोमवार की शाम को शहर में मशाल जुलूस निकाला गया।
उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रवीण चंद पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर में मशाल जुलूस निकाला। जुलूस बैंक चौराहा, गोला बाजार, मुखलिसपुर तिराहा, आजाद तिराहा होते हुए मेंहदावल बाईपास पर जाकर समाप्त हुआ। यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रवीण चंद पांडेय ने कहा कि सरकार आतंकवादियों पर कार्रवाई कर उसका समूल नष्ट करें। इस दौरान अमित चौहान, जिया अंसारी, विजय शुक्ला, जमाल अहमद, डब्लू पांडेय, रवि शर्मा, दीपक सिंह, आदित्य पाठक समेत अन्य मौजूद रहे। सपा के जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंह के नेतृत्व में गायत्री शक्ति पीठ खलीलाबाद में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने दो मिनट तक मौन रहकर मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। प्रदीप ने कहा कि जवानों की शहादत बेकार नहीं जाने देना चाहिए। सरकार को इस पर ठोस कदम उठाना चाहिए।