संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार ने शनिवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आलेख्य के प्रकाशन के बाद छूटे एवं पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा मतदाता सूची को परिष्कृत बनाए जाने विभिन्न बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि एसआईआर में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डीएम ने मेंहदावल के प्राथमिक विद्यालय औरही के बूथ संख्या 566 व 567 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीएलओ को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। बीएलओ सरिता देवी ने बताया कि नए मतदाताओं के लिए फॉर्म 6 भरा जा रहा है। कुल 26 फार्म प्राप्त किए गए हैं। इस दौरान तहसीलदार खलीलाबाद आनंद ओझा उपस्थित रहे। इसी क्रम में खलीलाबाद क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय जामडीह का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से फार्म-6 प्राप्त होने की स्थिति सहित अन्य बिंदुओं पर आंकड़ेवार जानकारी लेते हुए प्रगति एवं गुणवत्ता की जांच की। प्राथमिक विद्यालय पचपोखरी के निरीक्षण के समय बूथ संख्या 167 पर बीएलओ बिंदु देवी उपस्थिति रहीं। उन्होंने बताया कि बूथ संख्या 169 पर बूथ लेवल अधिकारी इंदु यादव है परंतु उनके की ओर से काम नहीं किया जा रहा है। डीएम ने एसडीएम को निर्देशित किया कि संबंधित बीएलओ से स्पष्टीकरण प्राप्त कर अपनी आख्या चार दिवस में प्रस्तुत करें। उन्होंने प्रत्येक बूथों पर बीएलओ के उपस्थिति आदि की जांच करते हुए मतदाताओं को सूची पढ़कर सुनाने का निर्देश दिया तथा बूथों पर बीएलओ को प्राप्त दावे व आपत्तियों की जानकारी ली। निर्देशित किया कि छूटे हुए पात्र मतदाताओं को प्रपत्र-6 भरवाकर नियमानुसार बीएलओ एप पर डिजिटाइज्ड करना सुनिश्चित करें।