रोसयाबाजार। पौली क्षेत्र के सोनहन गांव में फसलों की सिंचाई के लिए तीन वर्ष पूर्व सरकार द्वारा नलकूप लगा दिया गया। लेकिन आज तक विद्युत विभाग द्वारा लाइन नहीं खींचा गया। जिससे जहां किसानों को फसलों कि सिंचाई के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वही सरकार कि निशुल्क सिंचाई योजना बेकार साबित हो रही है।
वर्ष 2022-23 में पौली ब्लाक क्षेत्र के सोनहन गांव में विधायक गणेश चंद चौहान की पहल पर नलकूप विभाग द्वारा सरकारी नलकूप (478 किलो) लगा व ट्यूबवेल घर बनाकर ट्रायल करके छोड़ दिया गया। तीन वर्ष का समय बीत जाने के बाद नलकूप पर बिजली के लिए नलकूप विभाग द्वारा विद्युत कनेक्शन नहीं दिया गया। जिससे किसानों को फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसान महंगा डीजल खरीदकर पंपसेट से सिंचाई करने को मजबूर है। जिससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है। कृषकों में नित्यानन्द, रामकेश चौरसिया, राजू चौरसिया, नन्दगोपाल, श्याम बिहारी, रामअधार, निसार अहमद, इमरान,अशीष आदि का कहना है कि खेत में जब सरकारी नलकूप लगाया तो हम लोगों को खुशी हुई कि अब सिंचाई के लिए हम किसानों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ, तीन साल के बाद नलकूप में विद्युत कनेक्शन नहीं हुआ।
जिससे हम किसानों को महंगे डीजल पंपसेट से फसलों की सिंचाई करनी पड़ रही है। शिकायत के बाद भी विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। किसानों ने विभाग से बात करके समस्या के निराकरण की मांग की है। एसडीएम सुनील कुमार ने बताया कि मामले में संबंधित अधिकारियों से बात करके समस्या का निराकरण कराया जाएगा।