संतकबीरनगर। त्योहारों का समय खत्म हो गया और लोग वापस लौट रहे हैं। ऐसे में ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। लोगों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। लोग किसी तरह जनरल कोच में यात्रा करने को मजबूर हैं, लेकिन कोच में चढ़ने में ही लोगाें के पसीने छूट जा रहे हैं। कुछ लोग निजी बसों का सहारा ले रहे हैं, पर यहां अधिक किराया देना पड़ रहा है।
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के आने पर यात्रियों में आपाधापी दिख रही है। शुक्रवार को गोरखधाम एक्सप्रेस अप स्टेशन पर पहुंची तो लोग दौड़ पड़े। जनरल कोच में चढ़ने के लिए लोग मशक्कत करते रहे। किसी तरह कोच में चढ़ गए तो सीट ही नहीं मिली। ऐसे में कोच के गैलरी में किसी तरह परिवार व सामान के साथ सफर करने को मजबूर हुए।
वजह यह है कि जनवरी तक ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। ऐसे में जनरल कोच से सफर करना मजबूरी है। दिल्ली जाने के लिए पहुंचे परविंदर कुमार, मनोहर लाल आदि ने बताया कि ट्रेन में कंफर्म टिकट नहीं मिला और जाना जरूरी है। ऐसे में जनरल कोच में सफर करने की मजबूरी है। कोच में भीड़ ज्यादा होने के कारण परेशानी झेलनी पड़ी है। इन लोगों का कहना है कि दीपावली व छठ बीत जाने के बाद अब वापस जाने में मुश्किल खड़ी हो रही है।
गाजियाबाद के लिए डेढ़ से दो हजार देना पड़ रहा किराया
अमूमन लोग ट्रेनों में सफर करने को तरजीह देते हैं। वजह यह है कि ट्रेन का सफर सस्ता पड़ता है, लेकिन ट्रेनों में कंफर्म टिकट न मिलने से लोगों को मजबूरी में बसों से सफर करना पड़ रहा है। बसों में भी भीड़ ज्यादा है, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कुछ लोग प्राइवेट बसों से सफर करने को मजबूर हैं, लेकिन इसमें अधिक किराया देना पड़ रहा है। गाजियाबाद के लिए प्राइवेट बस पकड़ने आए सर्वेश कुमार, अभिमन्यु आदि ने बताया कि वर्तमान में डेढ़ हजार से दो हजार किराया देना पड़ रहा है।
दीपावली व छठ पर्व मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग घर आए थे, अब उनकी वापसी हो रही है। इसके कारण भीड़ थोड़ी ज्यादा है। कुछ दिनों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।
- एके गौड़,
स्टेशन अधीक्षक, खलीलाबाद