धर्मसिंहवा। पड़ोसी जिला सिद्धार्थनगर के लिए नगर पंचायत धर्मसिंहवा से सीधी रोडवेज बस सेवा न होने से क्षेत्रवासियों को करीब 32 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए कई वाहन बदलने पड़ते हैं, जिससे समय और धन दोनों अतिरिक्त लगता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, किसान, व्यापारी, मरीज, अधिवक्ता तथा विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्य से जाने वाले लोग सिद्धार्थनगर की यात्रा करते हैं। पहले धर्मसिंहवा सहित क्षेत्र के अधिकतर गांव सिद्धार्थनगर जनपद का हिस्सा हुआ करते थे।
बाद में यह क्षेत्र संतकबीरनगर में शामिल हो गया, लेकिन आज भी अनेक लोगों की खेती-बाड़ी, व्यापार और अन्य जरूरी कार्य सिद्धार्थनगर से जुड़े हैं। कई परिवारों के मकान संतकबीरनगर में हैं, जबकि उनकी कृषि भूमि सिद्धार्थनगर में स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, न्यायालय और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में क्षेत्र के लोगों का नियमित आवागमन रहता है। ऐसे में धर्मसिंहवा से सिद्धार्थनगर तक सीधी रोडवेज बस सेवा की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।
प्रमोद जायसवाल, सुरेश मोदनवाल, एखलाक अंसारी, राजेश पांडेय, राजू पांडेय, संतोष कुमार, शंभू साहनी, विपिन कुमार, उमानाथ सैनी, हरिश्चंद्र, अनिल मोदनवाल सहित क्षेत्र के अनेक नागरिकों ने परिवहन निगम से जनहित में इस मार्ग पर शीघ्र सीधी रोडवेज बस सेवा संचालित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़े कार्यों में भी सुविधा होगी।