एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के कर्मियों का धरना सीएमओ कार्यालय पर सोमवार को भी जारी रहा।
- फोटो : अमर उजाला
एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के कर्मियों का धरना सीएमओ कार्यालय पर सोमवार को भी जारी रहा। वहीं पीएस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सदर विधायक डॉ. मोहम्मद अयूब भी पहुंचे और धरना दे रहे कर्मियों को अपना समर्थन दिया।
वे यहां करीब एक घंटे तक मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने एनएचएम कर्मियों के मांगो को समर्थन करते हुए चुनाव बाद प्रदेश में बनने वाली सरकार में शामिल होने पर मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। विधायक डॉ. मोहम्मद अयूब ने कहा कि एनएचएम कर्मियों की मांगे जायज हैं। समान कार्य समान वेतन सभी को मिलना चाहिए। सरकार को यह मांगे मान लेनी चाहिए। जैसे नियमित कर्मचारी काम कर रहे है वैसे ही इन संविदा कर्मियों को भी नियमित कर दिया जाना चाहिए।
काफी दिनों से ये संविदा कर्मी बहुत ही कम मानदेय पर काम कर रहे है। आने वाले चुनाव में प्रदेश में मिली जुली सरकार बनेगी। अगर पीस पार्टी को सरकार में शामिल होने का मौका मिलेगा तो सबसे पहले एनएचएम कर्मियों की मांगों को पूरा कराया जाएगा। इसके बाद सदर विधायक सीएमओ से मिले और एनएचएम कर्मियों की मांगो के संबंध में बातचीत की।
उन्होंने सीएमओ से भी इस बाबत पत्राचार करने की बात कही। इस दौरान संघ के महामंत्री अभय त्रिपाठी ने सदर विधायक के धरने में शामिल होने पर आभार जताया। इस दौरान प्रवक्ता दीनदयाल वर्मा, डीपीएम विनीत श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष आनंद मौर्या, राजेश पांडेय, कृष्ण कुमार भटनागर, विक्टेश्वर पाठक, दारा सिंह, अश्वनी यादव, ज्योति शर्मा, रीता राय, विनीत शुक्ल, प्रतिभा पांडेय समेत अनेक संविदा कर्मी मौजूद रहे।