- धनघटा चौक से ढढ़वा ताल तक दो किमी नाले का हो रहा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। कस्बेवासियों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए निर्मित नाला ढहने लगा है। नाला के गिरने पर नगरवासी उसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।
धनघटा चौक से ढढ़वा ताल तक करीब दो किलोमीटर लंबे नाला के निर्माण का कार्य प्रगति पर है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस नाले के गुणवत्ता पर सवाल शुरू से खड़ा होना शुरू हो गए थे। थाना परिसर के पास नाला पहले ढह गया था, जिसकी मरम्मत कुछ दिनों बाद संबंधित ठेकेदार के जरिए कराई गई थी।
बृहस्पतिवार को धनघटा उमरिया बाजार मार्ग के बगल एक बीज भंडार की दुकान के सामने करीब 50 मीटर लंबाई में नवनिर्मित नाला ढह गया। जिससे उत्तर की दिशा से दक्षिण की दिशा में निकलने वाला पानी एक व्यक्ति के जमीन में फैल रहा है।
धनघटा निवासी हरिश्चंद्र, जियालाल, रामकरन, राधेश्याम, राम जियावन, सभाजीत आदि का कहना है कि नाली के निर्माण का कार्य जब शुरू हुआ तो उम्मीद जग गई थी कि अब जलजमाव की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। लेकिन नवनिर्मित नाला जब निर्माण के समय ही ढहना शुरू कर दिया है तो उसके उम्र का अंदाजा लगाया जा सकता है।
नाला भी निर्माणाधीन है। बारिश के दौरान पानी नहीं निकल पाया और वह नाले में एकत्रित होकर नवनिर्मित नाला को तोड़ दिया है। इस परियोजना पर कोई भुगतान नहीं किया जाएगा, उसके मरम्मत का कार्य जल्द कराया जाएगा।
- उमेश चंद्र पासी, ईओ, नगर पंचायत हैंसर बाजार धनघटा