- सीएचसी नाथनगर का मामला, स्टाफ नर्स पर लापरवाही का आरोप
महुली। सीएचसी नाथनगर में शुक्रवार को प्रसव के कुछ घंटे के बाद नवजात की मौत हो गई। परिजन स्टाफ नर्स पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मियों के समझाने-बुझाने पर मामला शांत हुआ।
नाथनगर ब्लाॅक गेट के सामने के दुकानदार विशाल गोंड ने बताया कि पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर बृहस्पतिवार देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। शुक्रवार सुबह सामान्य प्रसव हुआ। कुछ देर बाद नवजात की तबियत बिगड़ने पर नर्स ने जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हॉस्पिटल पहुंचते ही नवजात की मौत हो गई।
दुकानदार ने आरोप लगाया कि स्टाफ नर्स की लापरवाही की वजह से उनके बच्चे की जान चली गई। परिजन दोबारा सीएचसी नाथनगर पहुंचकर हंगामा करने लगे। स्वास्थ्य कर्मियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया तब जाकर परिजन घर लौट गए। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना था कि किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई है। आरोप बेबुनियाद है।