संतकबीरनगर। कांवड़ यात्रा को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख मार्गों पर किए गए रूट डायवर्जन का असर यात्रियों की आवाजाही पर दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर सामान्य दिनों की अपेक्षा कांवड़ियों की मौजूदगी नजर आई। देवघर जाने वाले शिवभक्तों की कई टोलियां ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म पर दिखाई दीं।
कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन की ओर से जगह-जगह रूट डायवर्जन किया गया है। इसका उद्देश्य कांवड़ियों की भीड़ और सामान्य यातायात को अलग-अलग रखते हुए आवागमन को सुचारु बनाए रखना है। स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे चन्द्रशेखर राय, प्रिंस राय, शिव कुमार, हनुमना , राम प्रकाश, सूरज, सुमित, राम पलट, राम शब्द, धनई ने बताया कि सड़क मार्ग पर रूट डायवर्जन के कारण थोड़ी परेशानी जरूर होती है लेकिन ट्रेन से देवघर जाने में अपेक्षाकृत सुविधा और सुरक्षा महसूस होती है। इसी वजह से वे रेल यात्रा को प्राथमिकता दे रहे हैं।