घनघटा क्षेत्र के चपरापूर्वी स्थित एक निजी अस्पताल को सील कराते सीएमओ
संतकबीरनगर। घनघटा क्षेत्र के चपरापूर्वी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान बरती गई लापरवाही के बाद व्यक्ति की मौत के मामले में डीएम के जरिए गठित टीम ने जांच की। अस्पताल में न तो चिकित्सक मिले और न ही प्रशिक्षित स्टाफ मिला। टीम ने अस्पताल को सील कर दिया और वहां पर भर्ती दो मरीजों को सीएचसी हैंसर में भर्ती कराया।
सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि न्यू आर्या हाॅस्पिटल उमरिया बाजार में एक व्यक्ति का इलाज हुआ था। लेकिन व्यक्ति की हालत बिगड़ती गई और उसे परिजनों ने दिल्ली ले जाकर भर्ती कराया था। जहां उसकी मौत हो गई थी। इस दौरान अस्पताल ने परिजनों से काफी रकम ले लिया था। परिजनाें ने इसकी शिकायत डीएम से की थी। जिसके बाद अपर सीएमओ डॉ. रामरतन, एसडीएम और सीओ को जांच दी गई की।
टीम ने अस्पताल पर पहुंची और जांच की। मौके पर कोई भी चिकित्सक मौजूद नहीं मिले, जबकि दो मरीज भर्ती थे। वहां पर मौजूद कर्मियों ने बताया कि डॉक्टर भी थोड़ी देर पहले ऑपरेशन करके गए हैं। जब डॉक्टर के फोन पर बात किया गया तो पता चला कि वह तीन दिन से नहीं आए। जांच में मामला सामने आया कि जो डॉक्टर वहां पर पंजीकृत हैं वह कभी नहीं आते हैं। अस्पताल के कर्मी झूठ बोल रहे थे।
मरीजों से भी पूछताछ की गई। दोनों मरीजों को सीएचसी हैंसर भेज दिया गया। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया है। अस्पताल संचालक को कागजात लेकर बुलाया गया है। उसके बाद आगे की जांच होगी।