संतकबीरनगर। परिषदीय शिक्षकों के पारस्परिक स्थानांतरण में हुई लापरवाही के चलते जिले के बीएसए शिक्षा निदेशालय ने नोटिस जारी की थी। परिषदीय शिक्षकों के इस पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया को 16 मई की शाम 5 बजे तक पूरा कर लेना था। लेकिन यह कार्य पूरा नहीं हुआ। इसमें जिले के 481 शिक्षकों का पारस्परिक स्थानांतरण होना था।
पारस्परिक स्थानांतरण के लिए जिले में कुल 481 शिक्षकों ने आवेदन किया था। इनमें जिले के अंदर 289 शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन दिया है। वहीं जिले के बाहर कुल 192 शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन दिया था। इन आवेदनों को सत्यापित करके बीएसए ने शिक्षकों को आनलाइन पोर्टल पर जाकर फार्म भरने के लिए कहा था। लेकिन अभी तक केवल आवेदन की ही प्रक्रिया हुई थी।
जिला कमेटी की बैठक नहीं हो पाई थी। जिला कमेटी की बैठक न होने से स्थानांतरण का कार्य प्रभावित हो रहा था। वहीं विभाग का कहना है कि तीन शिक्षकों का आवेदन गलत था, जिसे सही कराकर जिला कमेटी की बैठक कराई जानी थी। बार बार कहने के बाद इन तीनों शिक्षकों ने अपनी प्रक्रिया पूरी नहीं की, जिसके चलते यह इसमें देर हुई। सारे कार्यों को शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। बीएसए ने सारे आवेदनों को अग्रसारित भी कर दिया था। केवल कमेटी की बैठक में इसको अमली जामा पहनाया जाना था। लेकिन यह कार्य अब तक नहीं हुआ, जिसके चलते स्थानांतरण के कार्य के साथ समायोजन की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही थी।