हटाए गए नाथनगर के बीडीओ, कार्रवाई की भी संस्तुति
- खंड विकास अधिकारी बघौली को नाथनगर का दिया गया अतिरिक्त प्रभार
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम दिव्या मित्तल ने खंड विकास अधिकारी नाथनगर अशोक कुमार श्रीवास्तव को वहां से हटा दिया है। उन्हें जिला मुख्यालय से संबद्ध करते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति शासन से की है। साथ ही खंड विकास अधिकारी बघौली को नाथनगर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
खंड विकास अधिकारी नाथनगर अशोक कुमार श्रीवास्तव को मनरेगा योजनान्तर्गत सामग्री अंश के भुगतान में व्यतिक्रम करने, विकास खंड से बाहर बैठकर डोंगल लगाकर भुगतान करने, विकास खंड में शासन के निर्देशों के बावजूद रात्रि निवास न करने एवं डीएम के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप कर ग्राम पंचायत सचिव के कलस्टर आवंटन में परिवर्तन करने, मनरेगा योजना में लगातार निर्देश दिये जाने के बावजूद अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित न करने का दोषी पाया गया है।
त्रिसदस्यीय समिति क जांच में दोषी मिलने पर उन्हें मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि अशोक कुमार श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से विकास खंड नाथनगर से विस्थापित करते हुए जनपद मुख्यालय से संबद्ध कर इनके विरूद्ध अनुशासनिक कार्रवाई शासन को प्रस्तावित की गई है। इनके स्थान पर खंड विकास अधिकारी बघौली श्वेता वर्मा को विकास खंड नाथनगर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
प्रधानों ने ब्लॉक पर लगाया ताला, किया प्रदर्शन
धनघटा। नाथनगर प्रधान संघ ने बृहस्पतिवार को बीडीओ के हटाने की मांग को लेकर ब्लॉक पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। प्रधानों के आक्रोश के चलते दोपहर में बीडीओ अशोक श्रीवास्तव को जिला मुख्यालय पर अटैच कर दिया गया। नए बीडीओ के रूप में श्वेता वर्मा को चार्ज लेने का आदेश जारी किया गया। इसकी जानकारी होने पर प्रधानों ने ब्लॉक का ताला खोला। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई।
नाथनगर ब्लाक के बीडीओ अशोक श्रीवास्तव की कार्यशैली से प्रधानों में काफी आक्रोश व्याप्त था। विगत कुछ दिन पहले मनरेगा सामग्री अंश भुगतान का डोंगल बस्ती जिला से लगाने को लेकर प्रधानों में नाराजगी चल रही थी।
प्रधानों ने डीएम दिव्या मित्तल से मुलाकात कर लिखित शिकायती पत्र देकर बीडीओ पर कई तरह के आरोप लगाकर स्थानांतरण करने की मांग की थी। एक सप्ताह का अल्टीमेट दिया था। बृहस्पतिवार को तय समय बीत जाने के बाद कार्रवाई नहीं होने पर प्रधान संघ अध्यक्ष कृष्ण बहादुर उर्फ किशुन पाल के नेतृत्व में प्रधान एकजुट हुए। ब्लॉक के कार्यालयों पर ताला जड़ दिया। अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गए। जिला पंचायत सदस्य अम्बरीष उर्फ रक्कु पाल की अध्यक्षता में बैठकर आगे की लड़ाई लड़ने की रणनीति तय की जा रही थी।
इसी दौरान विवादित बीडीओ अशोक श्रीवास्तव पहुंचे। प्रधानों के पास पहुंचकर वार्ता करने का प्रयास किया तो प्रधान भड़क गए। दोपहर बाद प्रधानों को जानकारी हुई कि सीडीओ ने बीडीओ अशोक श्रीवास्तव को हटाते हुए जिला मुख्यालय पर अटैच कर दिया है। बघौली ब्लॉक की बीडीओ श्वेता वर्मा को नए बीडीओ के रूप में चार्ज लेने का निर्देश दिया गया है।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख रामवृक्ष यादव, प्रधान महेश यादव, सर्वेश सिंह, ग्रीश चौधरी, प्रदीप चौधरी, फिरोज उर्फ चुन्नू भाई, भुअर यादव, राजू यादव, राजमन यादव, शमशाद उर्फ गामा आदि मौजूद रहे।