- तीन डीघा गांव और दो दूसरे इलाकों से उठाए गए
- पुलिस का दावा, हत्याकांड में आ सकते हैं नए पहलू
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सुभासपा नेता नंदिनी राजभर हत्याकांड में पुलिस ने बुधवार को पांच संदिग्धों को उठाया। पुलिस का दावा है कि इनसे पूछताछ में उसके हाथ ऐसे सुराग लगे हैं, जिससे हत्याकांड से जल्द पर्दा उठ जाएगा। वहीं, मंगलवार को ग्रामीणों की पकड़ से भागे संदिग्ध व्यक्ति का कुछ पता नहीं चल सका।
कोतवाली के डीघा गांव निवासी नंदिनी के हत्यारों तक पुलिस वारदात के चार दिन बाद भी नहीं पहुंच सकी है। खुलासे के दबाव के बीच पुलिस की कई टीम ने रात में ताबड़तोड़ छापे मारे। गांव से पुलिस ने नामजद हत्यारोपी निर्मता के तीन बेटों को उठाया। बेलहरकला थाना क्षेत्र से एक युवक को हिरासत में लिया। इसके अलावा एक अन्य को भी कब्जे में लेकर पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस के अनुसार संदिग्धों से अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही नए पहलू सामने आ सकते हैं। सर्विलांस टीम भी तहकीकात में जुटी है। घटना के समय नंदिनी के मोबाइल फोन व आसपास के लोकेशन को भी ट्रेस किया जा रहा है।
नंदिनी हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगी है। घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। घटना में जिस किसी की संलिप्तता पाई जाएगी। उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
- ब्रजेश कुमार सिंह, सीओ सीटी