संतकबीरनगर। मौसम में आ रहे उतार-चढ़ाव और बदलते तापमान के कारण जिले में वायरल बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। बुखार से पीड़ित मरीजों में सबसे ज्यादा शिकायत मांसपेशियों में ऐंठन और जोड़ों के असहनीय दर्द की आ रही है।
ओपीडी खुलने से पहले ही जिला अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। फिजिशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि वायरल बुखार मरीजों को लंबे समय तक परेशान कर रहा है। सामान्य तौर पर वायरल के लक्षण पांच से आठ दिनों तक रहते हैं। मरीज का बुखार उतरने के बाद उसे मांसपेशियों में खिंचाव, ऐंठन, कमजोरी और जोड़ों का दर्द हफ्ते भर से अधिक समय तक परेशान कर रहा है।
शनिवार की सुबह से जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। इनमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक रही। पूरे दिन में 1800 मरीज परामर्श के लिए पहुंचे। इनमें फिजिशियन व वरिष्ठ परामर्शदाता से परामर्श लेने 700 से अधिक मरीज पहुंचे।