लोहरैया। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत होने वाली परीक्षा की तैयारियों को लेकर शिक्षा क्षेत्र हैंसर बाजार में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। शनिवार को खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञान चंद्र मिश्र ने परीक्षा केंद्र के रूप में निर्धारित विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश दिए।
बीईओ ने संबंधित विद्यालय प्रभारियों को उल्लास परीक्षा की प्रश्नपत्र बुकलेट और आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराए। उन्होंने निर्देश दिए कि रविवार तक उल्लास एप/पोर्टल पर पंजीकृत सभी शिक्षार्थियों की परीक्षा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराई जाए।
उन्होंने परीक्षा की सुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शासन के निर्देशों का अक्षरश: पालन किया जाए। परीक्षा के बाद निर्धारित प्रारूप में सूचना रविवार को अपराह्न तीन बजे तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बीईओ ने कहा कि परीक्षा के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विद्यालय प्रभारियों से आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए। संवाद