पारिवारिक विवाद में गला दबाकर पत्नी को मार डाला
- मायके वालों का आरोप पति का दूसरी युवती से है अवैध संबंध
- पत्नी के एतराज करने पर अक्सर होता था विवाद
- पुलिस ने आरोपी पति पर हत्या का केस दर्ज कर हिरासत में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के धमैचा गांव में शनिवार की रात पारिवारिक विवाद में पति ने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी।
मायके वालों का आरोप है कि पति का किसी दूसरी युवती से अवैध संबंध है। उसी वजह से पति और पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि उसी वजह से पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। रविवार को पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
धमैचा गांव निवासी दीपक सिंह पुत्र रामचंदर की शादी वर्ष 2011 में मेंहदावल क्षेत्र के सांड़ेखुर्द गांव निवासी रमाशंकर की 27 वर्षीय बेटी बिट्टू के साथ हुई थी। दोनों से एक बेटी और एक बेटा है। दीपक दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। दीपक अपनी पत्नी और बच्चों को साथ में लेकर दिल्ली में ही रहता था। करीब एक साल से पत्नी और दोनों बच्चे गांव पर ही रह रहे थे। इधर एक सप्ताह से दिल्ली से दीपक भी आकर घर पर रह रहा था।
शनिवार की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वहीं, आरोपी पति का कहना है कि दिल्ली में रहने के दौरान एक युवती के साथ उसके अवैध संबंध होने का पत्नी को शक था। जिसकी वजह से उसने सात जगह किराए का मकान बदल चुका था। अभी एक सप्ताह पूर्व ही वह दिल्ली से गांव आया था। पत्नी से उसने चाय मांगा तो वह सो रही थी। उसी वजह से नोकझोंक के दौरान उसने सिर्फ पत्नी को धक्का दे दिया। जिसकी वजह से पत्नी जमीन पर गिरी और उसकी मौत हो गई।
00000000
पिता ने दहेज हत्या का लगाया आरोप
सांडेखुर्द गांव निवासी पीड़ित पिता रमाशंकर का आरोप है कि बेटी की शादी के बाद से ही पति दीपक, सास किसा देवी व जेठ पिंटू दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और रुपये की मांग करते थे। आरोप है कि उसके दामाद का एक युवती से अवैध संबंध है। इसी वजह से दामाद और बेटी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दामाद उसकी बेटी को जान से मार देने की धमकी देता था। कुछ दिन बाद पंचायत में सुलह-समझौता हुआ। उसने बेटी की ससुुुरालियों की मांग के अनुसार जेवरात दिया। सास किसा देवी और जेठ पिंटू उसकी बेटी को राजी खुशी से रखने की जिम्मेदारी लिए। फिर बेटी को दामाद लेकर दिल्ली चले गए। इधर बेटी को लेकर दामाद धमैचा गांव में रहने लगे।
शनिवार की रात दामाद ने उसकी बेटी का गला दबाकर हत्या कर दिया। बेटी की घर पर ही मौत हो गई थी, लेकिन ससुराली सामाजिक भय के कारण बेटी को 108 नंबर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भी ले गए। सूचना पर पीड़ित पिता अपने कुछ लोगों के साथ पहुंच गया और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
0000
मृतका के गले पर चोट के निशान
कोतवाल मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि पति-पत्नी के बीच रिश्ते मधुर नहीं थे। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद था। मृतका के गले पर चोट के निशान थे। ऐसे में प्रथम दृष्टया जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी पति दीपक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके उसे हिरासत में ले लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।