हत्यारोपित युवक को भेजा जेल
संतकबीरनगर। मेंहदावल कस्बे के बैरियहवा में युवक की हत्या में पकड़े गए आरोपित युवक को पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर बैरियहवा में पुलिस कड़ी चौकसी बरत रही है।
बैरियहवा निवासी आशा देवी का आरोप है कि बृहस्पतिवार शाम आठ बजे के करीब उनके पति सुक्खू (45) और गांव के विजय साहनी के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। इसी बीच विजय ने कुल्हाड़ी से सुक्खू पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आशा देवी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। एसओ जयवर्धन सिंह ने बताया कि आरोपित विजय साहनी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। विजय को बाराखाल से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार किया गया। ब्यूरो