- दोनों परियाजनाओं पर खर्च होंगे 40 करोड़
- पुरानी तहसील की खाली पड़ी जमीन का होगा निर्माण
- तीन मंजिला पार्किंग बनाए जाने की योजना
- ऑडिटोरियम में एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर में पार्किंग न होने से लोगों को वाहन खड़ा करने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। सड़क पर ही लोग वाहन खड़ा कर चले जाते हैं। जिससे आए दिन लोग जाम से जुझते रहते हैं। इसको देखते हुए डीएम ने शहर में मल्टीलेवल पार्किंग और ऑडिटोरियम का प्रस्ताव तैयार किया है। ये शहर के पुरानी तहसील में खाली पड़ी जमीन में बनाने की योजना है। इसे बनाने में करीब 40 कराेड़ रुपये खर्च होंगे। लोगों को वाहन पार्किंग व कार्यक्रम कराने में सहूलियत मिलेगी।
गौरतलब है कि शहर का दायरा बढ़ रहा है। साथ ही आबादी भी बढ़ रही है। नगरपालिका में तीन साल पूर्व 16 गांवों को शामिल कर लिया गया। इसके बाद से यहां की आबादी करीब डेढ़ लाख से ऊपर पहुंच गई। शहर के गोला बाजार, मुखलिसपुर तिराहा, बैंक चौराहा, बरदहिया बाजार, समय माता स्थान आदि जगहों पर आने वाले लोगों को वाहनों को खड़ा करने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। साथ ही किसी भी बड़े कार्यक्रम के लिए शहर में कोई बड़ा हॉल नहीं है। जिसे लेकर डीएम ने पहल की।
शहर में मल्टीलेवल पार्किंग और ऑडिटोरियम बनाने की योजना तैयार की। इसकी याेजना बन चुकी है। करीब तीन मंजिला पार्किंग बनाए जाने की योजना है। जिससे शहर में आने वाले लोग वाहनों को सुरक्षित खड़ा कर सकें। इससे नगरपालिका की आय भी बढ़ेगी। इसके अलावा ऑडिटोरियम में करीब एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। कागजी कार्रवाई की रूप रेखा तय की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही योजना की शुरूआत हो जाएगी।
0000000000000000
शहर में पार्किंग न होना बड़ी समस्या
खलीलाबाद शहर में अगर वाहन लेकर आना है तो पार्किंग की समस्या होती है। वाहनों को सड़क पर ही खड़ा करना पड़ता है। जिससे चालान का डर रहता है। अगर पार्किंग की व्यवस्था होगी तो इससे लाभ मिलेगा।
- विनोद यादव, शहरवासी
0000000000000
ऑडिटोरियम हाॅल बनाना सराहनीय
शहर में अभी तक कोई ऑडिटोरियम हाॅल नहीं है, जिससे कोई भी बड़ा कार्यक्रम करने में परेशानी होती है। अगर ऑडिटोरियम हाॅल बनेगा तो काफी हद तक लाभ मिलेगा और कम मूल्य पर उपलब्ध होगा।
- विवेक छापड़िया, शहरवासी
0000000000000
पार्किंग बनने से वाहन सुरक्षित रहेंगे
पार्किंग की व्यवस्था करना प्रशासन का सराहनीय कार्य है। इसके बन जाने से वाहन सुरक्षित रहेंगे। शहर में रहने वाले अधिकतर लोगों के घर के सामने वाहन खड़ा करने की जगह नहीं है, अगर पार्किंग की व्यवस्था होगी तो बेहतर विकल्प होगा।
- रणजीत राय, शहरवासी
00000000000000
शहर को जाम से मिलेगी राहत
ऑडिटोरियम हाॅल और मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की योजना सराहनीय है। इसके बन जाने से शहर में जाम की समस्या कुछ हद तक खत्म हो जाएगी। साथ ही विकास होगा और लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उम्मीद है कि पहल रंग लाएगी।
- अजय सिंह, शहरवासी
00000000000000
मल्टीलेवल पार्किंग और ऑडिटोरियम बनाने की तैयारी है। इस पर कुल 40 करोड़ रुपये खर्च होने है। इसके लिए पुरानी तहसील में खाली पड़ी जमीन को चिह्नित किया गया है। कागजी कार्रवाई की जा रही है।
- महेंद्र सिंह तंवर, डीएम