नाथनगर महुली सड़क से बाजार जाने वाली सड़क पर पसरा गंदा पानी
हरिहरपुर। हल्की बारिश में ही महुली बाजार की सड़कों पर कीचड़ फैल गया है। सड़क के किनारे नालियां जाम होने से हालात और भी बदतर हो गए हैं। बाजार से गुजरने वालों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोगों के कपड़े भी खराब हो गए।
नाथनगर ब्लॉक की सबसे बड़ी आबादी वाले महुली ग्राम पंचायत के बाजार में जाने से लोग कतरा रहे हैं। महुली स्थित बस्ती चौराहे से बाजार की ओर जाने वाली सड़क पर हल्की बारिश में ही कीचड़ फैल गया है।
बारिश का पानी सड़क किनारे पटरियों पर भरने की वजह से राहगीर परेशान हैं। यह सड़क झिंगुरापार होते हुए धनघटा तहसील को जाती है। बड़ी संख्या में चार पहिया और दो पहिया वाहन इस सड़क से होकर गुजरते हैं। मड़हा, छितहीं, मानपुर, सिसवनियॉ, रीठी, परसौना सहित कई गांवों के ग्रामीण इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं।
व्यापारी सुरेंद्र कुमार मद्धेशिया, पिंटू गुप्ता, व्यापारी नेता दीपक वर्मा और मिश्रीलाल ने बताया कि दुकानदार भी जलभराव से परेशान हैं। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़कों की पटरियों पर पानी भर जाता है। यही हाल नाथनगर महुली रोड से अंसार टोला होते हुए बाजार जाने वाली सड़क का है।
इस सड़क के किनारे बनी नली जाम हो जाने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। ग्रामीण जुनैद, अरशद खान, नौशाद व अन्य लोगों का कहना है कि नालियां जाम होने से घरों का गंदा पानी जमा हो गया है। वाहनों की आवाजाही से गंदे पानी का छींटा लोगों पर पड़ जाता है। लोगों ने गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका जताई है।