मृतक सुरेंद्र निषाद की फाइल फोटो।
अहिरौली बाजार। अहिरौली बाजार-बोदरवार मार्ग पर लेहनी गांव के पास बुधवार की रात करीब 11 बजे टैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दोनों घायलों को पिपराइच सीएचसी भिजवाया।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव सुम्हाटार निवासी 32 वर्षीय सुरेंद्र निषाद, 30 वर्षीय धीरज निषाद और 35 वर्षीय अशोक प्रसाद बुधवार की रात अहिरौली बाजार से एक ही बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे। लेहनी गांव के पास बोदरवार की तरफ से आ रहे टैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गया।
सूचना पर पुलिस पहुंची, तब तक सुरेंद्र निषाद की मौत हो गई थी। पुलिस ने घायल धीरज निषाद व अशोक प्रसाद को एंबुलेंस से पिपराइच सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दोनों को मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष प्रविंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।