संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के चपरा-उमरिया बाजार मार्ग पर चपरा गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप सोमवार की शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी, जिससे युवक सड़क पर गिर पड़ा और ट्रेलर का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। ट्रेलर को पुलिस ने पीछा करके पकड़ लिया। गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र के पचपेड़वा गांव निवासी फैयाज (28) पुत्र मन्नान अपनी ससुराल धनघटा थाना क्षेत्र के नावन गांव निवासी ओबेदुल्ला के घर आ रहे थे।
सोमवार की शाम वह मोटरसाइकिल से चपरा पूर्वी स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भराने जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फैयाज सड़क पर गिर गए और ट्रेलर का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनको घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही धनघटा थाने के उपनिरीक्षक रामदरस यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया कि ट्रेलर और उसके चालक को जगदीशपुर पुलिस चौकी पर पकड़ लिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।