मेंहदावल। जवाहर नवोदय चयन प्रक्रिया का उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभा की पहचान करना और उसका पोषण करना है। सोमवार को निरीक्षण के क्रम में कंपोजिट विद्यालय तुलसीपुर पर बीईओ ज्ञानचंद्र मिश्र ने बच्चों को आवेदन करने के लिए जागरूक करते हुए कहा सभी शिक्षक नवोदय प्रवेश आवेदन फार्म भरने के बच्चों और अभिभावकों को प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय समिति द्वारा संचालित जवाहर नवोदय विद्यालयों में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र जारी किए गए हैं। कक्षा 6 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि पहले नौ अगस्त थी। लेकिन ग्रामीण इलाकों में जागरूकता के अभाव में काफी बच्चे इसके लिए आवेदन नहीं कर पाए हैं। जिसे देखते हुए समिति ने आवेदन करने की सीमा 20 अगस्त कर दिया है।
जिससे ग्रामीण परिवेश के बच्चे आवेदन करने से वंचित नहीं रहे और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा के लिए इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि जेएनवीएसटी के परिणामों के आधार पर एक मेरिट सूची तैयार होगी। हर जिले के शीर्ष 80 मेधावी छात्रों को उनके घर के नजदीकी स्थानीय नवोदय विद्यालय प्रवेश दिया जाएगा।