- धर्मसिंहवा क्षेत्र के हरैया गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। बिना नहाए यज्ञ में जाने से मना किए जाने पर गुस्साए किशोर ने छत की कुंडी से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना धर्मसिंहवा क्षेत्र के हरैया गांव की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फंदे से लटकना आया है।
धर्मसिंहवा क्षेत्र के हरैया गांव निवासी मुन्नी तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा करन तिवारी मंगलवार की रात में करीब आठ बजे यज्ञ में जाने की जिद कर रहा था। मैंने उसे नहा-धोकर यज्ञ में जाने के लिए कहा तो गुस्से में आकर छत पर बने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब ऊपर जाकर करन को आवाज दी तो कुछ नहीं बोला। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह दरवाजा खोला। देखा कि करन छत की कुंडी में फंदे के सहारे लटक रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना देख परिवार सन्न रह गया और रोने-चीखने लगा। इसके बाद वहां भीड़ जुट गई। घटना की सूचना किसी ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर की मौत का कारण फंदे से लटकना आया है। किशोर की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गया है। लोग परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।