संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो लोगों ने घर के दरवाजे पर पहुंचकर मां-बेटे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची मां को भी चोटें आईं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसओ हरेंद्र पाठक के अनुसार, मानपुर गांव निवासी नीतू पत्नी रामजीत ने तहरीर देकर बताया कि 15 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह घर पर बैठी थीं। इसी दौरान गांव के घनश्याम पुत्र विभूति गौड़ और उसका बेटा अनिल पुरानी रंजिश को लेकर उनके दरवाजे पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों गाली-गलौज करने लगे। नीतू के बेटे राज ने विरोध करते हुए गाली देने का कारण पूछा तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें राज गंभीर रूप से घायल हो गया।
शोर सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जानमाल की धमकी भी दी। मारपीट में नीतू को भी चोटें आईं। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर घनश्याम और अनिल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।