संतकबीरनगर। बेलहर कला थाना क्षेत्र में बच्चों के विवाद में हुई कहासुनी के बाद एक महिला के घर में घुसकर मारपीट करने और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के पांच लोगों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से महिला और उसके परिवार के सदस्यों की पिटाई की।
बीच-बचाव करने पहुंची महिला की बेटी का झुमका भी नोच लिया गया, जिससे उसका कान फट गया। पीड़िता की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेलवा ठकुराई गांव निवासी दुर्गावती ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में जानकारी दी कि 18 अगस्त की शाम करीब सात बजे बच्चों के विवाद में गांव के रामभोग, उसकी पत्नी अतवारी, बेटियां रोशनी और काजल तथा राहुल सहित अन्य लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर उसके दरवाजे पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने गालियां देते हुए जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह घर में घुस गईं तो आरोपी घर में भी घुस आए और उसकी पिटाई करने लगे। शोर सुनकर उसकी बेटियां अर्चना और वंदना, बेटा गोलू तथा बहू रेनू बचाने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
एसओ सर्वेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेश कुमार दूबे को सौंपी गई है।