कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बघौली में डीसी बालिका निरीक्षण करने पहुंचे तो बंदरों ने ?
- फोटो : KHALILABAD
निरीक्षण को पहुंचे डीसी को बंदर ने दौड़ाया, आधे घंटे कमरे में छुपे रहे
- कस्तूरबा गांधी विद्यालय बघौली का मामला
- पहले भी चार छात्राओं को काट चुका है बंदर
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बघौली का निरीक्षण करने पहुंचे डीसी बालिका शिक्षा धीरेंद्र प्रताप चंद को एक बंदर ने दौड़ा लिया। किसी तरह भागकर वह एक कमरे में जा घुसे। मामला यहीं नहीं थमा, बंदर भी दरवाजे पर बैठकर उनका इंतजार करता रहा। करीब आधे घंटे तक जब वे नहीं निकले तो बंदर वहां से चलता बना। उसके बाद डीसी कमरे से बाहर निकलकर स्कूल का निरीक्षण किया। पूर्व में भी बंदर चार छात्राओं को काट चुका है। जिसकी वजह से छात्राएं विद्यालय आने से डर रहीं है। शिक्षिकाओं ने बंदरों से निजात दिलाने की मांग की।
डीसी बालिका शिक्षा ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बघौली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में एक बंदर ने उन्हें दौड़ा लिया। वह कमरे में जाकर किसी तरह से बचे। इसके बाद बंदर कमरे के बाहर बैठ गया। वहां पर मौजूद शिक्षिकाओं ने डीसी से बंदरों से निजात दिलाने की मांग की। विद्यालय की वार्डेन मीरा चौधरी ने बताया कि परिसर में काफी संख्या में बंदर आ जाते है। जिससे छात्राएं बाहर नहीं खेल पाती है। चार छात्राओं को बंदर काट चुका है। कुछ छात्राएं बंदरों के भय से विद्यालय पर नहीं आ रही है। डीसी ने मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद वहां की समस्याओं को जाना। जिसमें शौचालय, कमरो की खिड़कियों पर जाली लगाए जाना प्रमुख समस्या रहीं। डीसी ने कस्तूरबा विद्यालय खलीलाबाद का निरीक्षण किया। यहां पर भवन काफी जर्जर हालत में मिला। एक छज्जा लटक रहा था। जिसे तोड़वाने का निर्देश दिया। उन्होंने सामानों की सप्लाई को चेक किया। सीसीटीवी कैमरा आदि सही मिला। विद्यालय पर पूरा स्टाफ मौजूद रहा। डीसी बालिका शिक्षा ने बताया कि बघौली कस्तूरबा पर बंदरों की समस्या है। जिसके लिए वन विभाग को पत्र भेजा जा रहा है कि बंदरों को पकड़वाकर समस्या से निजात दिलाए। खलीलाबाद कस्तूरबा पर भवन के कुछ हिस्से जर्जर हालत में है। छात्राओं को सोने के लिए चौकियां टूट चूकी है। जिस पर नई चौकियां भेजी जाएगी। निरीक्षण के दौरान वार्डेन प्रतिभा सिंह, सुमन सिंह, अर्चना श्रीवास्तव, पूजा मिश्र, नीलिमा मिश्र, गीता सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।