संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें डीएम ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन व आउटपुट की सतर्क माॅनीटरिंग करें।
बैठक में सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया ने एजेंडा बिंदु सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति एवं लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति से अवगत कराया गया। डीएम ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में कदापि लापरवाही न बरती जाए।
बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का रूटीन टीकाकरण, बच्चों में कुपोषण के स्थिति की जांच आदि की विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की। चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि शत प्रतिशत प्राइवेट एवं घरेलू प्रसव की ट्रैकिंग कराएं एवं संस्थागत प्रसव बढ़ाए जाने के लिए प्रभावी रणनीति बनाएं।
जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थी भुगतान शत प्रतिशत किए जाने के लिए निर्देशित किया। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने जननी सुरक्षा योजना के व्यवस्थित संचालन, ग्रामीण स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं आशा एवं एएनएम की कार्य प्रणाली, संस्थागत प्रसव, आभा आईडी, आशाओं के भुगतान आदि को लेकर निर्देशित किया।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जिला क्षय रोग समिति, संचारी रोग, रेवीज़ टीकाकरण, स्नेक बाइट वैक्सीन की उपलब्धता, चिकित्सालयों में चिकित्सकों एवं दवाओं की उपलब्धता सहित मरीजों के हित में स्वास्थ्य संबंधित उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस अवसर सीडीओ जयकेश त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया, सीएमएस डॉ. रमाशंकर सिंह, एसीएमओ डॉ. रामरतन, डिप्टी सीएमओ वीके सोनी आदि माैजूद रहे।