जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों को सलाह देते चिकित्सक
संतकबीरनगर। मोबाइल की स्क्रीन से निकलने वाली किरणें आंख के लिए ही नहीं, दिमाग की नसों के लिए भी खतरा है। मोबाइल में घंटों समय देने वाले युवाओं में आंखों व अनिद्रा जैसी समस्या भी बढ़ी है। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसे कई मरीज आ रहे हैं, जिन्हें अनिद्रा की शिकायत हो रही है।
जिला अस्पताल में रोजाना करीब 1000 से 1100 की ओपीडी हो रही है। यहां आंखों व मानसिक रोग को लेकर भी मरीजों की काफी संख्या आ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि इस समय लोग शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान कम दे रहे हैं, बल्कि ज्यादा से ज्यादा समय मोबाइल पर दे रहे हैं। इसलिए ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ी हुई है। चिकित्सकों ने बताया कि मोबाइल की किरणें आंखों के लिए खतरनाक होती हैं।
इसलिए लंबे समय तक मोबाइल न चलाएं। आंखों को झपकाते रहें। बताया कि नेत्र रोग की ओपीडी में प्रतिदिन 20 से 25 मरीज आंखों की समस्या को लेकर आते हैं। इसमें से आठ से 10 मरीज ड्राई आई के रहते हैं। वहीं मोबाइल की लत को लेकर अनिद्रा सहित अन्य मरीज भी आ रहे हैं।