- पीड़ित की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्जकर जांच में जुटी
संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र के हारापट्टी गांव निवासी एक व्यक्ति का मोबाइल गायब हो गया। इसके बाद उसके खाते से 3,42,000 रुपये निकल गए। पीड़ित ने मामले में पुलिस से फरियाद की है। बखिरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसओ सतीश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित लालमन यादव ने पुलिस को दी शिकायत में जानकारी दी कि उनका बैंक खाता एसबीआई बखिरा में है। इसमें उनके बेटे रवि यादव का मोबाइल लिंक था। उनका बेटा लुधियाना से खलीलाबाद आ रहा था तो लुधियाना में उसका मोबाइल गायब हो गया। इसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई एकाउंट बनाकर 5 फरवरी से 11 फरवरी के बीच कई किस्तों में उनके बैंक खाते से 3,42,000 रुपये निकाल लिए।
इसकी जानकारी उन्हें तब हुई जब वह 25 फरवरी को बैंक में रुपये निकालने पहुंचे और उनके मोबाइल पर रुपये निकासी के संबंध में कोई मैसेज भी नहीं आया। मोबाइल गुमशुदगी की सूचना लुधियाना में की है। एसओ सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गया है। पुलिस टीम पूरे मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।