सहायक रिटर्निंग अफसर एडीएम कमला प्रसाद यादव ने बताया कि स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन में जनपद में कुल नौ मतदान केंद्र बनाए गए है।
ब्लॉक मुख्यालय खलीलाबाद, नाथनगर, हैंसर, पौली, बघौली, सेमरियावां, बेलहर कला, सांथा और मेंहदावल को मतदान केंद्र बनाया गया है। गुरुवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।
जिले के नौ ब्लॉकों में कुल 1302 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं को अपना फोटो युक्त पहचान पत्र लाना जरुरी होगा,तभी वह अपने मताधिकार का प्रयोग कर पाएंगे।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पीठासीन अधिकारी और तीन अन्य मतदान कर्मियों की चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है। इस प्रकार नौ पीठासीन, 27 मतदान ककर्मचारी, नौ माइक्रो आब्जर्वर, नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट और तीन जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए है।
नौ केंद्रों पर एक - एक वीडियो कैमरा, सीसीटीवी कैमरा और वेबकास्टिंग की भी व्यवस्था की गई है। कंपेनियन वोट के लिए जिले के सभी नौ ब्लॉकों से 268 लोगों ने आवेदन किया था।
इसमें तीन लोगों को दो प्रार्थना पत्र दे दिया था। ऐसे में 263 लोग कंपेनियन वोट डालेंगे। आगे बताया कि नोटा का प्रयोग किए जाने का निर्देश आयोग ने दिया है।
यदि कोई किसी प्रत्याशी को वोट नहीं देना चाहता है कि वह नोटा का प्रयोग कर सकेंगा। मतदान ड्यूटी में लगे कर्मियों को पूरी जानकारी दे दी गई है और उन्हें सख्त निर्देश दिया गया है कि शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपंन कराएंगे।
कलेक्ट्रेट में आयोजित मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएम डॉ. सरोज कुमार पहुंचे और सभी को निष्पक्ष चुनाव कराने का निर्देश दिया।